आगरा में अपर जिला जज पर हमला, कार में आग लगाने की कोशिश
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली के मई चौराहे के पास अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अली मुस्तफा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। प्राथमिकी के अनुसार, 24 अक्टूबर को उनकी कार में एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी। न्यायिक अधिकारी ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा और अपने साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि 30 से 40 लोगों ने न्यायिक अधिकारी, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की। हमलावरों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी और कार में आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान न्यायिक अधिकारी के पिता को नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में चोटें आईं। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया। न्यायिक अधिकारी ने 112 पर कॉल कर मदद मांगी, लेकिन उनके अनुसार मौके पर पुलिस सहायता नहीं पहुंची।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी भूपेंद्र और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह के अनुसार, आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच जारी है।
