कुर्मी महासभा के सम्मान समारोह में महापौर की बड़ी घोषणाएं

कुर्मी महासभा के सम्मान समारोह में महापौर की बड़ी घोषणाएं

गोलमढ़ैया चौक का नाम चंद्रगुप्त मौर्य के नाम पर रखने का ऐलान

रुद्रपुर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में कुर्मी महासभा की ओर से आयोजित 11वां पटेल जयंती सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में समाज की सैकड़ों महिलाओं और वरिष्ठजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सामाजिक एकता, वरिष्ठजनों के सम्मान और समाज के उत्थान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने शिवनगर मोड़ पर सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम से भव्य द्वार बनाने तथा गोलमढ़ैया स्थित चौक का नाम चंद्रगुप्त मौर्य चौक रखने की घोषणा की। साथ ही कुर्मी महासभा की मांग पर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने, ट्रैफिक लाइटों को दुरुस्त करने और ट्रांजिट कैंप थाने को फुलसुंगा स्थानांतरित करने के संबंध में भी आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, भाजपा जिला सह प्रभारी भारत भूषण चुघ और तराई क्रांति संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कमल श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। कुर्मी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने महापौर को तलवार और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। मंच पर उपस्थित अन्य अतिथियों के साथ समाज की महिलाओं और वरिष्ठजनों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कुर्मी महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने महापौर के समक्ष विभिन्न जनसमस्याओं को उठाते हुए ज्ञापन सौंपा। इसमें सरदार पटेल के नाम पर भव्य द्वार निर्माण, ट्रांजिट कैंप थाने को पर्याप्त स्थान पर स्थानांतरित करने, ट्रांजिट कैंप मार्ग स्थित बस्ती का नाम चंद्रगुप्त मौर्य के नाम पर रखने, हाउस टैक्स हस्तांतरण की प्रक्रिया सुचारु करने, बदहाल यातायात व्यवस्था सुधारने, ट्रैफिक लाइटों का संचालन सुनिश्चित करने और अन्य पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाण पत्र को बार-बार नवीनीकृत कराने की समस्या का समाधान करने की मांग शामिल थी।

साथ ही कुर्मी महासभा के अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने समाज के लोगों से एकजुट रहने और सामाजिक हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने महापौर विकास शर्मा के लगभग डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस अवधि में ऐसे कई काम हुए हैं, जिन्हें पिछले दस वर्षों में भी नहीं कराया जा सका। उन्होंने समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए महापौर से सहयोग की अपेक्षा जताई।

महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में पिछले 11 वर्षों से लगातार पटेल जयंती समारोह आयोजित करने के लिए कुर्मी महासभा के अध्यक्ष सौरभ गंगवार की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी स्मृति को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए उनकी विशाल प्रतिमा का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सरदार पटेल के विचारों एवं नीतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं।

महापौर ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए स्वतंत्रता के समय प्रधानमंत्री पद को लेकर हुए घटनाक्रम का उल्लेख किया और कहा कि आज कांग्रेस भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगाती है, जबकि उसके अपने राजनीतिक इतिहास पर भी सवाल उठते रहे हैं।

महापौर ने कुर्मी महासभा की मांग पर शिवनगर मोड़ पर सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम से भव्य द्वार बनाने तथा गोलमढ़ैया स्थित चौक का नाम चंद्रगुप्त मौर्य चौक रखने की घोषणा की। साथ ही कुर्मी महासभा की मांग पर शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने, ट्रैफिक लाइटों को दुरुस्त करने और ट्रांजिट कैंप थाने को फुलसुंगा स्थानांतरित करने के लिए भी आश्वस्त किया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम बस्तियों में हाउस टैक्स की प्रक्रिया शुरू कर रहा है, ताकि पात्र लोगों को उनके मकानों पर मालिकाना हक दिलाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे उनसे भी संपर्क कर सकते हैं। ओबीसी जाति प्रमाण पत्र के प्रत्येक तीन वर्ष में नवीनीकरण की व्यवस्था से लोगों को होने वाली परेशानी पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के माध्यम से संबंधित स्तर पर वार्ता करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम समाज की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कुर्मी समाज भविष्य में जो भी सुझाव या मांग रखेगा उसका प्राथमिकता से निस्तारण होगा।

समारोह को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, भाजपा जिला सह प्रभारी भारत भूषण चुघ और तराई क्रांति संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कमल श्रीवास्तव सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर आकाश गंगवार, चोखेलाल गंगवार, धीरेंद्र वर्मा, शेर सिंह राठौर, रमेश रस्तोगी, प्रदीप मंडल, विशाल मिश्रा, अभिषेक शर्मा, रामधारी गंगवार और पालोग उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भागीदारी की।

More From Author

भारतवर्ष के कुर्मी संगठनों ने के पी गंगवार को दिया कुर्मी रत्नसभी 56 संगठन के पी गंगवार के साथ, हर तरह का मिलेगा सहयोग -बालकुमार पटेल

कुर्मी महासभा के सम्मान समारोह में महापौर की बड़ी घोषणाएं