महापौर की पहल पर तीन दिन में किरतपुरवासियों को दो बड़ी सौगात
एक सड़क का निर्माण शुरू, दूसरी के लिए 10 लाख की पहली किश्त जारी
तीसरी सड़क का निर्माण जिला पंचायत से कराने का आश्वासन
उत्साहित ग्रामीणों ने महापौर कार्यालय पहुंचकर जताया आभार
ग्राम प्रधान बोले-एक साल में जो काम नहीं हो पाया, वह महापौर ने तीन दिन में करवा दिया
रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा की पहल पर किरतपुर क्षेत्र के हजारों लोगों को महज तीन दिनों के भीतर दो बड़ी सौगात मिली हैं। वर्षों से बदहाल दो सड़कों के निर्माण की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जबकि दूसरी सड़क के लिए 19.11 लाख रुपये के स्वीकृत बजट में से 10 लाख रुपये की पहली किश्त जारी करने के आदेश भी हो गए हैं। इसके साथ ही किरतपुर की तीसरी सड़क का निर्माण जिला पंचायत के माध्यम से कराने का आश्वासन भी दिया गया है। लंबे समय से सड़क निर्माण की बाट जोह रहे ग्रामीणों के लिए यह बड़ी राहत है। तीन दिनों के भीतर हुई इस कार्रवाई से उत्साहित ग्राम प्रधान आशीष यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने महापौर कार्यालय पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया और स्वागत किया।
किरतपुर में सड़कों की बदहाली का मामला उस समय चर्चा में आया, जब ग्राम प्रधान आशीष यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान किया। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर विकास शर्मा तत्काल क्षेत्र में पहुंचे और दोनों सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर हालात देखने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
महापौर की पहल पर अगले ही दिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्यालय बुलाकर सड़क निर्माण को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद आनंदम गार्डन से उत्तर प्रदेश सीमा तक की खस्ताहाल सड़क का निर्माण कार्य महज 48 घंटे के भीतर शुरू हो गया। इसके अलावा किरतपुर में ही साई विहार कॉलोनी फेस-5 की मुख्य सड़क से अमित भाटी के घर तक सीसी मार्ग का निर्माण भी लंबे समय से लंबित था। इस सड़क के निर्माण का बजट 19.11 लाख रुपये है। मामले को आगे बढ़ाते हुए महापौर ने मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू से मुलाकात की और सड़क निर्माण के लिए धनराशि जारी करने का आग्रह किया। महापौर के आग्रह पर मंडी परिषद अध्यक्ष ने सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की पहली किश्त जारी करने के लिखित आदेश दे दिए हैं। इससे इस सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
महापौर ने ग्रामीणों की मांग पर किरतपुर की मुख्य सड़क के लगभग 180 मीटर हिस्से का निर्माण जिला पंचायत के माध्यम से कराने का आश्वासन दिया। इस तरह क्षेत्र की तीन सड़कों को लेकर कार्रवाई आगे बढ़ने से ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शेष सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू होगा और क्षेत्र की आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा।
आभार व्यक्त करने आये ग्रामीणों को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि किरतपुर में सड़कों की बदहाली का मामला सामने आते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर आनंदम गार्डन से उत्तर प्रदेश सीमा तक की सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कराने के लिए कहा गया। अधिकारियों की कार्रवाई से 48 घंटे के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो गया। साई विहार कॉलोनी फेस-5 की मुख्य सड़क से अमित भाटी के घर तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए भी मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू से वार्ता की गई। उनके सहयोग से 10 लाख रुपये की पहली किश्त जारी करने के आदेश हो गए हैं। किरतपुर की तीसरी सड़क का निर्माण भी जिला पंचायत के माध्यम से कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ाई जा रही है। बिंदुखेड़ा की सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू होने जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान के लिए भी वाहनों की व्यवस्था की गई है, ताकि गांवों से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा सके।
महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए भी गंभीरता से काम कर रहा है। सड़क, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीणों की जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उनका नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति कम नहीं होने दी जाएगी और बदहाल सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान आशीष यादव ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह रुद्रपुर शहर में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं, उसी तरह अब गांवों में भी विकास की उम्मीद मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल को अभी एक वर्ष हुआ है। इस दौरान जिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया, उनमें से दो सड़कों को लेकर महापौर के हस्तक्षेप के बाद महज तीन दिनों में ठोस कार्रवाई हो गई।
आशीष यादव ने कहा कि जिस दिन उन्होंने बदहाल सड़क को लेकर फेसबुक पर पोस्ट साझा की, उसके अगले ही दिन महापौर विकास शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति देखी। इसके बाद अधिकारियों से वार्ता की गई और महज 48 घंटे में एक सड़क का निर्माण शुरू हो गया। दूसरी सड़क के लिए भी 10 लाख रुपये की पहली किश्त जारी करने के आदेश हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित समस्या पर इतनी तेजी से कार्रवाई होगी, इसकी ग्रामीणों को उम्मीद नहीं थी। अब गांव की सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ होने से लोगों में उत्साह है। ग्राम प्रधान ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि इसी तरह जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान कराने के लिए प्रयास करें, तो निश्चित रूप से शहर, गांव और पूरे प्रदेश का विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
