रुद्रपुर। भारतीय वायु सेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरी तथा उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाली रुद्रपुर की बेटी मेघा सिंह को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सम्मानित किया

Spread the love

राजीव कुमार गौड़

 

रुद्रपुर। भारतीय वायु सेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरी तथा उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाली रुद्रपुर की बेटी मेघा सिंह को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सम्मानित किया

। ठुकराल ने ईश्वर कॉलोनी स्थित मेघा सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और सम्मान स्वरूप गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मेघा सिंह की उपलब्धि को रुद्रपुर ही नहीं बल्कि पूरे ऊधमसिंह नगर जनपद और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी चयन प्रक्रिया में पूरे भारत में तीसरी तथा राज्य में प्रथम रैंक प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है, जो उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। ठुकराल ने कहा कि मेघा सिंह ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रयास किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और मेघा सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने मेघा सिंह के माता पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के त्याग, संस्कार और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मेघा सिंह की इस उपलब्धि में उनके माता पिता का योगदान भी सराहनीय है। मेघा सिंह के पिता प्रताप सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता साधना सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने मेघा की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम बताया। इस अवसर पर मेघा सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना में चयन होना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं से कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास करने का आह्वान किया।

More From Author

रूद्रपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक सुशील सिंघला के नेतृत्व में आदि कैलाश यात्रा पर जा रहे तीर्थ यात्रियों के दल का शुक्रवार को त्रिशूल चौक पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया

सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने पदभार ग्रहण किया पदभार ग्रहण के समय महापौर विकास शर्मा भी रहे मौजूद