


राजीव कुमार
एसएसपी अजय गणपति द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से आगामी ईद उल अजहा(बकरीद) और निर्जला एकादशी को लेकर की गई महत्वपूर्ण बैठक।
त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने हेतु दिए सख्त निर्देश, समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी व थाना प्रभारी रहे मौजूद
आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में जनपद के समस्त थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी वीसी के माध्यम से मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारों के दौरान सम्पूर्ण जनपद में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाया जाएगा।
समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए और विभिन्न स्तरों पर पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि सभी पक्षों से निरंतर संवाद बना रहे और किसी भी प्रकार के तनाव की स्थिति पैदा न हो।
आगामी ईद उल अजहा (बकरीद) त्योहार के दौरान होने वाली कुर्बानी के संबंध में एसएसपी अजय गणपति ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नए या गैर-परंपरागत स्थान को कुर्बानी के लिए चिह्नित नहीं किया जाएगा और यह प्रक्रिया अनिवार्य रूप से कवर्ड एरिया (ढके हुए स्थान) में ही संपन्न की जाएगी। त्योहार के तीनों दिनों में होने वाली कुर्बानी के स्थानों की पुलिस द्वारा पूरी निगरानी रखी जाएगी और उसके बाद निकलने वाले अपशिष्ट (वेस्ट) का निस्तारण बिल्कुल सही, सुरक्षित और उचित जगह पर सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही, पड़ने वाले निर्जला एकादशी पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, रूट डायवर्जन और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है कि इस पावन पर्व के दौरान कहीं भी खुले में मांस या अपशिष्ट दिखाई न दे, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य और चाक-चौबंद करने के लिए पूरे जनपद को 6 सेक्टर्स में विभाजित किया गया है, जहाँ जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और उपद्रवी तत्वों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने मीडिया और पत्रकार बंधुओं से भी विशेष अपील की है कि वे इस संवेदनशील समय में जिम्मेदारी का परिचय दें और किसी भी प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग (Irresponsible Reporting) से बचें। भ्रामक खबरों, सोशल मीडिया की अफवाहों या बिना पुष्टि वाले संदेशों को प्रसारित न करें
पुलिस प्रशासन ने सभी आम नागरिकों से त्योहारों को शांति, आपसी सौहार्द और स्वच्छता के साथ मनाने का एक अनुरोध किया है, साथ ही चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अत्यंत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
