


राजीव कुमार गौड़
रूद्रपुर। गैस सिलेंडर न मिलने से रोषित लोगों ने आज प्रातः बिलासपुर मार्ग पर भारत गैस एजेन्सी के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मियों ने आकर लाठियां फटकार जाम खुलवाया। जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एजेन्सी प्रबंधन से वार्ता की और फिर कलैक्ट्रेट जाकर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और प्रभारी डीएसओ मलकीत सिंह से वार्ता कर उन्हें अपने साथ एजेन्सी लेकर आये । जहां उनके समझाने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद श्री ठुकराल के साथ अपर जिलाधिकारी व प्रभारी डीएसओ इण्डेन गैस एजेन्सी पहुंचे जहां भारी अव्यवस्था को देख दोनों अधिकारियों ने एजेन्सी प्रबंधक को खूब लताड़ लगाकर व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिये। गौरतलब हो कि शासन प्रशासन केे तमाम दावों के बावजूद गैस उपभोक्ताओं की सिलेंडर मिलने की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। रूद्रपुर शहर में हालात यहां तक पहुंच गये है कि रोजाना सैकडों गैस उपभोक्ता हाथों में सिलेंडर लिए सूर्य उदय होने से पहलें ही एजेन्सियों में लाईन में लग जा रहे हैं। आज प्रातः गैस सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं का सब्र टूट गया और उन्होंने रामपुर रोड पर स्थित भारत गैस एजेन्सी के समक्ष राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी वहां पर आ पहुंचे और उन्होंने जमीन पर लाठियां फटकार कर लोगों को वहां से दूर खदेड़कर जाम खुलवाया। इसी दौरान जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर आ गये और उन्होंने रोषित लोगों से बातचीत कर एजेन्सी प्रबंधन से वार्ता की। जिन्होंने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया है कि 23 मार्च से एजेन्सी पर सिलेंडर नहीं बांटकर उपभोक्ताओं के घर ही आपूर्ति की जायेगी। श्री ठुकराल ने कहा कि इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को समय से दी जानी चाहिए थी। आज जो उपभोक्ता लाईन पर लगे हैं उन्हे सिलेंडर उपलब्ध करा दिये जायें। कल से जिलाधिकारी का आदेश लागू कर दिया जाये। इसके बाद श्री ठुकराल कलैक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय व प्रभारी डीएसओ मलकीत सिंह से इस सन्दर्भ में विस्तार से वार्ता कर जन हित में एजेंसी प्रबंधन को आदेशित करने का आग्रह किया। काफी देर चली वार्ता के बाद श्री ठुकराल के साथ उक्त दोनों ही अधिकारी भारत गैस एजेंसी पहुंचे जहां उन्होंने उपभोक्ताओं को समझाकर शांत किया और एजेंसी प्रबंधन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय व प्रभारी डीएसओ मलकीत सिंह काशीपुर बाईपास रोड़ पर इण्डेन गैस एजेन्सी पहुंचे जहां लोगों की भारी भीड़ के बीच अव्यवस्थाओं को देख दोनों अधिकारियों का पारा चढ़ गया और उन्होंने एजेन्सी प्रबंधक प्रमोद पाण्डे को जमकर लताड़ते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल दुरूस्त करने के निर्देश दिये। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत गैस एजेन्सी में वर्तमान में लगभग 1000 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं जिन उपभोक्ताओं ने 23 मार्च तक बुकिंग कराई है उन्हें आज शाम तक सिलेंडर आपूर्ति करने के प्रयास किये जायेंगे और इण्डेन गैस एजेन्सी में लगभग 510 सिलेंडर मौजूद हैं यहां 17,18 व 19 मार्च तक की बुकिंग वाले सिलेंडरों की आपूर्ति कर दी जायेगी। एजेन्सी में किसी को भी सिलेंडर नहीं दिया जायेगा। श्री ठुकराल ने सभी उपभोक्ताओं से सिलेंडर वितरण में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील की। इधर गैस उपभोक्ताओं ने पूर्व विधायक राजकुमार के इस कार्य की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि शहर में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत होने के बावजूद भी कोई भी जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान करने को आगे नहीं आया। सभी एक स्वर में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं होने का राग अपलाते रहे। जबकि श्री ठुकराल ने जमीनी हकीकत को समझते हुए लोगों के बीच आकर समस्या का समाधान करने का प्रयास किया और अपर जिलाधिकारी व डीएसओं को साथ लेकर दोनों गैस एजेसियों में पहुंचे। जहां उनके प्रयासों से सिलेंडरों की समस्या का समाधान सम्भव हो सका। उन्होंने कहा कि असली जनप्रतिनिधि वहीं होता है जो जनता के बीच आकर उनकी समस्याओं को सुने और मौके पर हर उनका समाधान कराये। सिर्फ फोन पर ही अधिकारियों को निर्देश देने से समस्या का समाधान नहीं होता है।
