

राजीव कुमार गौड
मानवता की सेवा ही विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलिरूः विकास शर्मा
महापौर ने सैकड़ों गरीब जरूरतमंदों को वितरित किये कम्बल
रुद्रपुर। युग प्रवर्तक स्वामी विवेकानंद की जयंती के पावन अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए निर्धन और असहायों के बीच दिन बिताया। कड़ाके की इस हाड़ कपाने वाली ठंड में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से महापौर ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कंबल वितरण अभियान चलाया। इस दौरान सैकड़ों जरूरतमंदों को कम्बल वितरित किये गये।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस सेवा कार्यक्रम की शुरुआत नीलकंठ धाम से हुई, जहाँ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और नगर निगम की टीम के साथ मिलकर सैकड़ों बुजुर्गों और जरूरतमंदों को कंबल भेंट किए गए। सेवा का यह कारवां इसके पश्चात रम्पुरा स्थित नव ज्योति पब्लिक स्कूल पहुंचा, जहाँ भारी संख्या में स्थानीय निवासियों को शीत लहर से बचाव हेतु कंबल वितरित किये गये।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि विवेकानंद मात्र एक सन्यासी नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माता और ऊर्जा के वह पुंज थे, जिन्होंने वैश्विक पटल पर भारतीय अध्यात्म की शक्ति का लोहा मनवाया। शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन का स्मरण करते हुए महापौर ने बताया कि कैसे स्वामी जी ने शून्य पर बोलकर पूरी दुनिया को भारत की अनंत ज्ञान परंपरा से परिचित कराया था। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी जी का जीवन संघर्ष, अनुशासन और आत्मविश्वास की एक जीवंत पाठशाला है। ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ का मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना वह दशकों पहले था।
महापौर ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में हमारी सनातन संस्कृति और धर्म ही वह आधार हैं, जो समाज को जोड़े रख सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी संस्कृति लाखों वर्ष पुरानी है और इसे जीवंत रखना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। धर्म के बिना जीवन दिशाहीन है, और विवेकानंद जी ने हमें यही सिखाया कि धर्म केवल कर्मकांड तक ही सीमित नहीं, बल्कि दरिद्र नारायण की सेवा है। युवाओं से विशेष आह्वान करते हुए उन्होंने नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को ‘विकसित भारत’ के संकल्प में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि युवा विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलें, तो भारत को पुनः विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। महापौर ने आश्वस्त किया कि निगम केवल बुनियादी ढांचा सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सेवाभावी संस्था के रूप में गरीबों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के लोक कल्याणकारी अभियान जारी रहेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश कोली, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तौगी,भाजपा जिला महामंत्री तरूण दत्ता, अर्चना राय, मण्डल अध्यक्ष मुकेश पाल, मण्डल महामंत्री, जितेन्द्र संधू, विजय तोमर, मोर सिंह यादव, शिव कुमार राय, नमिता राय, शंकर कोली, सोनू कोली,सहित कई कार्यकर्ता मजौजूद रहै।
